खेल डेस्क. एटीपी कप टूर्नामेंट के चौथे दिन सोमवार को सर्बिया और स्पेन ने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। फ्रांस के बेनोइट पियरे ने सर्बिया के दुसान लाजोविच को 6-2, 6-7 (6), 6-4 से हराकर 1-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद वर्ल्ड नंबर 2 टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच ने अपना सिंगल और डबल मुकाबला जीतकर सर्बिया को फ्रांस के खिलाफ 2-1 की जीत दिलाई। वहीं, स्पेन ने उरुग्वे पर 3-0 से हराया।
राफेल नडाल और रॉबर्टो अगुट जीते
जोकोविच ने पुरुष एकल मुकाबले में गेल मोनफिल्स को 6-3, 6-2 से हराया। इसके बाद विक्टर ट्रोइस्की के साथ मिलकर फ्रांस की जोड़ी निकोलस माहूट और एडवर्ड रोजर वेसलिन को 6-3, 6-6 (5/7), 10-3 से शिकस्त दी।
स्पेन ने ग्रुप बी में अब तक दोनों मुकाबले जीते हैं। उसका अगला सामना अजेय जापान से होगा। इसके बाद ग्रुप की शीर्ष टीम को सिडनी में होने वाले प्लेऑफ में सीधा प्रवेश मिलेगा।
स्पेन के वर्ल्ड नंबर-1 राफेल नडाल ने पाब्लो क्यूवास को 6-2, 6-1 से हराया। रॉबर्टो बॉतिस्ता अगुट ने फ्रेंको रोंकाडेली को 6-1, 6-2 से मात दी। अन्य ग्रुप मैचों में द. अफ्रीका ने चिली को 3-0, जापान ने जॉर्जिया को 2-1 से हराया।